Sunday, 11 January 2015

स्थानीय स्तर के चुनाव में एरिया एवं जोनल मजिस्ट्रेट विशेष चौकसी बरतें - संभागीय आयुक्त गेरा

स्थानीय स्तर के चुनाव में एरिया एवं जोनल मजिस्ट्रेट विशेष चौकसी बरतें - संभागीय आयुक्त गेरा

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रो पर पुलिस के हो पुख्ता प्रबंध - महानिरीक्षक पुलिस सुनिल दत


संभागीय आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने पंचायत चुनावों की समीक्षा की


  
जैसलमेर/ संभागीय आयुक्त जोधपुर हेमन्त गेरा एवं पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर सुनील दत ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक में जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को देखते हुए अब तक की कार्यवाहीं एवं कानून व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त गेरा ने जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के दो चरणो में होने वाले चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपादित कराने के एरिया, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को इस स्थानीय स्तर के चुनाव में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए।

  
संभागीय आयुक्त जोधपुर गेरा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव की कानून व्यवस्थाओं की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक सुनिल दत, जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) एन.एल. मीना, जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. राजीव पचार, उपजिला निर्वाचन अधिकारी भागीरथ शर्मा के साथ ही एरिया, जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

  
निर्वाचन दिशा-निर्देशों की अक्षरश: पालना करें, सेक्टर में सतत रूप से करें भ्रमण

  
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों की अक्षरश: पालना करते हुए गंभीरतापूर्वक शांति से चुनाव संपन्न कराने में अधिकारियों को अहम भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जोनल एवं एरिया मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे प्रथम चरण में 14 से 19 जनवरी तक अपने सेक्टर मुख्यालय पर तैनात रहेंगे एवं सतत रूप से क्षेत्र का भ्रमण करते हुए प्रत्येक घटना के प्रति चौकस रहेंगे। उन्होंने सरपंच एवं पंच के चुनाव के लिए 17 जनवरी को जब नाम निर्देशन पत्र अंतिम रूप से तय हो जाए तब जिस क्षेत्र में संवेदनशीलता की ज्यादा जरूरत हो वहां पर ज्यादा समय बितावें।
  

पंच/सरपंचो के चुनाव में बरते विशेष चौकसी
 

उन्होंने चुनाव के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी को आपस में समन्वय एवं बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए बिना किसी त्रुटि के चुनाव कार्य को पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के दिवस जिसमें विशेष रूप से पंचो एवं सरपंचो के चुनाव के लिए मतगणना पंचायत मुख्यालय पर होगी वहां पर प्रकाश की व्यवस्था दोहरी रूप से पहले से ही कराने के निर्देश दिए ताकि बिजली आपूर्ति कट होने पर अन्य जो प्रकशष के साधन है उसका इस्तेमाल करते हुए मतगणना को प्रभावित नही होने दे। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रो का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को पहले से ही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ये भी निर्देश दिए कि वे भ्रमण के दौरान ग्रामीणो को यह संदेश दे कि जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भयमुक्त होकर मताधिकार करने के लिए उनके लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है।

 
संभागीय आयुक्त ने सरपंच एवं पंचों के नामांकन के दिवस पुलिस कर्मियो को भी यह संदेश दे दे कि वे उस दिन भी मतदान दिवस की तरह सजगता के साथ तैनात रहे ताकि किसी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग न हो। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के कार्य में किसी भी उच्च अधिकारी को अनावश्यक दखल नही देने की बात कही। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया से भली-भांति वाकिफ है एवं वे अन्य चुनाव की तरह पंचायतीराज संस्थाओ के चुनाव भी स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे।  

  
पुलिस के हो पुख्ता प्रबंध, प्रत्येक घटना पर रखे नजर

  
पुलिस महानिरीक्षक सुनिल दत ने कहा कि पंचायत आम चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों की संवेदनशीलता बढ गई है। इसलिए भय मुक्त चुनाव करवाने की दृष्टि से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस रूट मार्च करने के साथ ही पुलिस की मोबाईल टीमे लगातार निगरानी रखे तथा पुलिस जाब्ता आवश्यकतानुसार अलग-अलग स्थानो पर रखा जाए। प्रशासनिक अधिकारी अपने क्षेत्र में प्रबुद्व नागरिकों से संपर्क बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से चुनावो को संपन्न करवाये तथा सूचनाओं का संप्रेषण प्रभावी तरीके से करते हुए उच्च अधिकारियों को सूचित करते रहें ताकि किसी भी प्रकार की स्थिति में आवश्यक कार्यवाही की जा सके। उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में पुलिस अधिकारियो को भी हर गतिविधि के प्रति विशेष चौकस रहने के निर्देश दिए। उन्होंने विषेष रूप से संवेदनषील एवं अतिसंवेदनषील मतदान केन्द्रो के क्षेत्र में जो भी अपराधिक गतिविधि के लोग है उनको प्राथमिकता से पुलिस अधिकारी पाबंद करवा दे।

  
चुनाव प्रबंधनो पर डाला प्रकाश

  
बैठक के प्रारम्भ में जिला निर्वाचन अधिकारी एन.एल. मीना ने बताया कि जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के दो चरणो में होने वाले चुनावो के लिए जिला निर्वाचन विभाग द्वारा की गई संपूर्ण व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी एवं बताया कि प्रथम चरण के लिए 12 एरिया एवं 79 जोनल मजिस्ट्रेट कानून व्यवस्था के लिए तैनात कर दिए गए है। उन्होंने बताया कि जिले में चुनाव के दौरान आदर्श आचारसंहिता की पालना के लिए राजनैतिक दलो के पदाधिकारियो को भी पूरी जानकारी प्रदान कर दी गई है। वही उसकी प्रभावी माॅनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं जाएंगे। उन्होंने बताया कि संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों का चिन्हीकरण किया जाकर वहां पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई है। चिन्हित मतदान केन्द्रों पर मतदान दिवस की विडियोग्राफी करवाई जाएगी। चुनाव के लिए आवश्यकतानुसार मतपेटियों एवं ईवीएम की व्यवस्था सहित मतदान दलो का गठन कर उनका प्रशिक्षण भी करवा दिया गया है।

  
पुलिस प्रबंधन की दी जानकारी

  
जिला पुलिस अधीक्षक डाॅ. राजीव पचार ने बैठक में पंचायत चुनाव के लिए किए गए पुलिस प्रबंधन एवं कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए की गई पुलिस जाप्ते के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि मतदाता भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे। इसके लिए अब तक 40 ग्राम पंचायतो में पुलिस द्वारा फ्लेग मार्च किया जा चुका है एवं चुनाव से पहले सभी ग्राम पंचायतो पर फ्लेग मार्च कर दिया जाएगा। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रो पर किए जाने वाले अतिरिक्त पुलिस जाप्ते के बारे में भी जानकारी दी।

  
ये थे उपस्थित

  
बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद) बलदेव सिंह उज्जवल, रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) जैसलमेर डाॅ. जी.आर. वैष्णव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभुदयाल धानिया के साथ ही पुलिस उपअधीक्षक भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment