रामगढ़ वन क्षेत्र में धधकी आग
जैसलमेर । जिले के रामगढ वन क्षेत्र में रविवार को अचानक लगी आग पर प्रशासन की त्वरित कार्यवाही, सूझबूझ और समन्वित प्रयासों से काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जिला कलक्टर विश्वमोहन शर्मा ने आग की सूचना मिलने के बाद सभी को प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा और समन्वय स्थापित करते हुए आग पर काबू पाए जाने तक लगातार निगरानी व नियंत्रण रखा।
गर्मी का मौसम शुरू होते ही वन क्षेत्रों में आग लगने के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। बीते दिनों नाचना वन क्षेत्र में अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। तब बामुश्किल कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका था। उधर, रविवार को रामगढ़ वन क्षेत्र में दोपहर के समय वन क्षेत्र में आग धधक उठी। आग लगने का पता चलते ही वन अधिकारियों व ग्रामीणों के बीच खलबली मच गयी। आग की जानकारी जैसे ही प्रशासन को मिली, तत्काल जैसलमेर तहसीलदार पीतांबर दास राठी और रामगढ एसएचओ मोहन लाल विश्नोई मौके पर पहुंचे और समस्त कार्यवाही का नियंत्रण अपने हाथ में लेते हुए आग बुझाने के लिए जरूरी प्रयास शुरू कर दिए। इस दौरान जैसलमेर नगर परिषद की दो, एयर फ ोर्स की एक, रामगढ थर्मल पावर प्लांट की दो तथा दो अन्य दमकल मौके पर बुलाई गई तथा राजस्थान स्टेट माईनिंग एंड मिनरल डवलपमेंट कॉरपोरेशन की ओर से भेजे गए तीन लोडर सहित उपलब्ध समस्त उपकरणों-संसाधनों को काम में लेते हुए अथक प्रयास करते हुए आग बुझाने की कार्यवाही की गई। वन क्षेत्र में आग लगने का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका।
कार्यवाही में पुलिस के जवानों का विशेष योगदान रहा तथा बीएसएफ की विभिन्न कमानों के करीब 100 जवानों ने अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाई। सरपंच गोविंद भार्गव व पूर्व सरपंच हुक्माराम प्रजापत सहित ग्रामीणों ने भी आगे बुझाने में भरपूर सहयोग किया।
तहसीलदार राठी ने बताया कि वन विभाग की नर्सरी से शुरू हुई आग ने बीएसएफ के कैंप को चपेट में लिया और दरगाह तक पहुंच चुकी थी। दमकलें समय पर नहीं पहुंचती और आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नहर के छोरों पर खड़े सूखे बबूल के जरिए भोजराज की ढाणी भी चपेट में आ सकती थी। आग लगने के बाद जिसे जो साधन मिला, उससे से आग पर नियंत्रण के प्रयास किए। आग पर काबू होने के बाद सबने राहत की सांस ली। कलक्टर विश्वमोहन शर्मा ने लगातार फ ोन पर संपर्क बनाए रखा और सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते रहे।
No comments:
Post a Comment