Tuesday, 7 April 2015

अब साथी के नाम से आरक्षित टिकट करा सकते हैं ट्रांसफर

खुशखबरी |

अब साथी के नाम से आरक्षित टिकट करा सकते हैं ट्रांसफर

सरकारी कर्मचारी, छात्रों, वैवाहिक समारोह या धार्मिक यात्रा के मकसद से एकमुश्त बुकिंग कराने वाले ग्रुप को मिलेगी सुविधा



जैसलमेर / रेलवे के आरक्षित टिकट से यात्रा करनेवाले अपनी ट्रेन यात्रा किसी कारणवश रद्द करना चाहते हैं, तो आरक्षित टिकट अपने ब्लड रिलेशन जैसे पिता, मां, भाई, बहन, बेटा, पति पत्नी के नाम पर ट्रांसफर करा सकते थे। लेकिन रेलवे ने इसमें कुछ तब्दीली की है और इसका दायरा बढ़ा दिया है। सरकारी कर्मचारी, छात्र, एनसीसी कैडेट्स, वैवाहिक कार्यक्रम या धार्मिक यात्रा के लिए एकमुश्त टिकट आरक्षित करानेवाले अब इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए ट्रेन खुलने से 24 से 48 घंटे पहले आपको आवेदन देना होगा। टिकट ट्रांसफर कराने का रेलवे कोई शुल्क नहीं लेगा।

टिकट ट्रांसफर करने के एवज में कोई शुल्क नहीं

आवेदन देने का समय निर्धारित किया गया है। आवेदन के साथ आईडी प्रूफ देना जरूरी होगा। टिकट ट्रांसफर करने के एवज में कोई शुल्क नहीं लगता है। आरक्षित टिकट ट्रांसफर कराने के लिए आवेदन के साथ अाईडी प्रूफ देना जरूरी है। जिसके नाम पर टिकट ट्रांसफर होना है, उस यात्री का आईडी प्रूफ भी साथ जमा करना होगा। आइडी प्रूफ का मिलान करने के बाद टिकट ट्रांसफर किया जाएगा।

टिकट ट्रांसफर की प्रक्रिया

— ट्रेनके स्टेशन से रवाना होने के निर्धारित समय से 24 से 48 घंटे पहले आवेदन देना होगा।
— सरकारी कर्मचारी 24 घंटे पहले आवेदन दे सकते हैं।
— मान्यता प्राप्त संस्थान के छात्र को 48 घंटे पहले आवेदन देना होगा।
— एनसीसी कैडेट्स के ग्रुप टिकट को ट्रांसफर करने के लिए 24 घंटे पहले आवेदन देना होगा।
— एकमुश्त बुकिंग (मैरेज पार्टी या धार्मिक यात्रा ग्रुप) का टिकट ट्रांसफर करने के लिए 48 घंटे पहले आवेदन देना होगा।
— एकमुश्त बुकिंग वाले ग्रुप (मैरेज पार्टी या धार्मिक यात्रा ग्रुप) का 10 फीसदी तक टिकट ट्रांसफर हो सकेगा।

सरकारी कर्मचारी विद्यार्थियों के लिए सुविधा

यदि आप सरकारी कर्मचारी हैं। विभागीय काम से यात्रा के लिए टिकट आरक्षित कराया है और अचानक किन्हीं कारणों से आपको अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ती है, तो आप अपना टिकट दूसरे कर्मचारी के नाम पर ट्रांसफर करा सकते हैं। मान्यता प्राप्त संस्थान के छात्र अपना टिकट उसी संस्थान के दूसरे छात्र को ट्रांसफर करना चाहते हैं, तो उन्हें संस्थान से आदेश पत्र लेकर अपने आईडी के साथ आवेदन जमा कराना होगा।

No comments:

Post a Comment