Thursday, 16 April 2015

पक्षियों की रक्षार्थ परिंडे

सोशल मीडिया ग्रुप खबरिस्तान एवं गोल्डनसिटी प्रेस क्लब ने चार स्थानों पर परिंडे लगाकर किया अभियान का आगाज


जैसलमेर/ गोल्डनसिटी प्रेस क्लब एवं खबरिस्तान ग्रुप द्वारा गुरुवार को शहर के चार स्थानों पर परिंडे लगाकर अभियान का आगाज किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की तथा आगे बढ़कर परिंडों के लिए सहयोग करने की बात कही।

जिला परिषद परिसर में जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने परिंडा लगाकर अभियान का आगाज किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गर्मी में पक्षियों की रक्षा करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए परिंडे को गोद लिया तथा उक्त परिंडे में पर्याप्त पानी एवं दाना रखने का आश्वासन दिया।

पंचायत समिति जैसलमेर के प्रधान अमरदीन फकीर ने भी सराहना करते हुए इसे एक अच्छी पहल बताया। साथ ही परिंडे की उपयोगिता बताई। उन्होंने पंचायत समिति जैसलमेर परिसर में लगाए गए परिंडे को गोद लिया। नगर परिषद में परिंडे की स्थापना के दौरान सभापति कविता कैलाश खत्री ने उपस्थित रहकर इस पुनित कार्य में हर संभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने खुद इसकी देखरेख करने की जिम्मेदारी भी ली।

सम प्रधान उषा ने भी अभियान को अपनी शुभकामनाएं देते हुए सम समिति परिसर में लगाए गए परिंडे की सराहना की तथा इसे एक पुनित कार्य बताया। गोल्डनसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष विमल शर्मा ने इसे सामाजिक सरोकर बताते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से जुड कर पशु पक्षियों के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। खबरिस्तान ग्रुप के एडमिन सिकंदर शेख ने कहा कि गर्मियों में पक्षियों के लिए कहीं परिंडे दिखाई नहीं देते है। इस बात को ग्रुप में रखने पर सभी ने इसकी सराहना की तथा आगे बढ़कर इस पुनित कार्य में सहयोग भी दिया तथा भविष्य में भी इसे निरंतर बनाए रखने की बात कही है। इस दौरान विमल भाटिया, अारके व्यास, अचलदास डांगरा, दिनेश पालसिंह, सुरेन्द्रसिंह, कैलाश खत्री, सीईओ बलदेवसिंह उज्जवल, ललित शर्मा, विनर शर्मा, मनीष व्यास, विनोद थानवी, नवाब भाटी, विकास व्यास, अमित भाटिया, मनोज पुरोहित, अविनाश बिस्सा, सहित अन्य उपस्थित थे। शेख ने सभी का आभार प्रकट किया।

No comments:

Post a Comment