जोधपुर। आईआईटी, जोधपुर में निदेशक के खिलाफ चल रहा प्रदर्शन 20वें दिन भी जारी रहा। कुछ दिनों से चल रहा सांकेतिक प्रदर्शन छोड़ आईआईट्यिंस ने सोमवार को प्रशासनिक भवन का घेराव किया और कैम्पस में लॉलीपॉप-डे मनाया। छात्र-छात्राएं सुबह 7.30 बजे आईआईटी कैम्पस में इकट्ठा होना शुरू हो गए। छात्र-छात्राएं निर्धारित धरना स्थल को छोड़ प्रशासनिक भवन पर आकर बैठ गए। करीब 10 बजे निदेशक प्रो. सीवीआर मूर्ति कैम्पस पहुंचे, तो प्रशासनिक भवन के गेट पर छात्र-छात्राएं बैठे मिले। उन्होंने ऑफिस जाने के लिए रास्ता मांगा, लेकिन विद्यार्थियों ने रास्ता नहीं दिया। छात्रों ने प्रो. मूर्ति से कहा कि निदेशक पद से इस्तीफा देने के बाद ही वे अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त करेंगे। आखिर प्रो. मूर्ति को वापस लौटना पड़ा।
इसलिए खाया लॉलीपॉप
छात्रों का कहना है कि निदेशक के खोखले वादों से आईआईट्यिंस तंग आ चुके हैं। एेसे में छात्र वादों की लॉलीपॉप नहीं लेंगे। इसलिए कैम्पस में सभी छात्र-छात्राओं ने लॉलीपॉप खाकर अपना विरोध प्रदर्शन जताया। छात्रों का कहना है कि आईआईटी प्रशासन की ओर से उन्हें धमकाया और परेशान किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि 26 अप्रेल को बोर्ड ऑफ गवर्नेंस की बैठक है, जिसमें इस मसले पर चर्चा होनी है। लेकिन छात्रों ने पहले ही कह दिया है कि वे बोर्ड के सदस्यों से वार्ता नहीं करेंगे क्योंकि 27 अप्रेल से उनकी परीक्षाएं शुरू हो रही है। जानबूझकर परीक्षा से एक दिन पहले बोर्ड की बैठक तय की गई, जिससे छात्र अपनी बात पूरी तरह ठीक ढंग से नहीं रख पाएं।

No comments:
Post a Comment