Sunday, 3 May 2015

लंबी रेखा खींची जाएगी वोटर की उंगली पर, ब्रश का होगा इस्तेमाल

अमिट स्याही को लेकर बदलाव



जैसलमेर ।  चुनाव के दौरान मतदाता की उंगली पर अमिट स्याही का निशान लगाने के संबंध में अब नया तरीका अपनाया जाएगा। वर्तमान में नाखून व ऊंगली की त्वचा तक एक छोटी रेखा खींची जाती है, लेकिन अब एक लंबी लाइन खींची जाएगी।

जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में निर्वाचन आयोग के अवर सचिव द्वारा हाल ही में एक पत्र जारी किया गया है। पहले की तरह अमिट स्याही का निशान बांए हाथ की तर्जनी पर ही लगाया जाएगा। नए तरीके में स्याही की एक पूरी लंबी रेखा तर्जनी के पूरे नाखून को कवर करती हुई ऊंगली के पहले जोड़ तक जाएगी।

आधार, मोबाइल नंबर जुड़ेंगे वोटर लिस्ट में
 
मतदाताओं के आधार व मोबाइल नंबर वोटर लिस्ट से जोडऩे के लिए अिभयान शुरू किया गया है। इसके लिए ऑनलाइन खुद ही उक्त जानकारी भर सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के बीएलओ तथाा चुनाव कार्यालय से जानकारी लेकर आधार नंबर जुड़वा सकते है। जिला चुनाव कार्यालय द्वारा आज से विशेष कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं । मोबाइल नंबर जुडऩे से इलेक्शन संबंधी सभी जानकारी सीधे मतदाताओं तक पहुंच सकेंगी।
समय-समय पर हुए बदलाव

अमिट स्याही के निशान को लेकर समय-समय पर बदलाव होते रहे हैं। पहले नाखून और उंगली की त्वचा पर एक बिंदी जैसा निशान लगाया जाता था। हाल के वर्षों में नाखून और ऊंगली की पोर तक छोटी लाइन खींची जाती है। अब इसे ही और लंबा खींचा जाएगा।

यह होगा नया तरीका

आयोग द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि निशान लगाने को लेकर अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसलिए इसमें एकरूपता लाने के उक्त दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। अब निशान लगाने के लिए ब्रश का इस्तेमाल होगा। फिलहाल ब्रश इस्तेमाल नहीं किया जाता। चुनाव अिधकारी द्वारा रूई लगी एक लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है। कंट्रोल यूनिट के अिधकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि वह पहले देखे कि उंगली पर निशान ठीक से लगा है या नहीं। इसके बाद ही बैलेट यूनिट पर मतदान के लिए बटन दबाने की अनुमति दी जाएगी। इससे फर्जीवाड़ा भी रुकने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment