जिले में बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को 60 फीसदी से अधिक नुकसान
जैसलमेर / तेज आंधी के साथ होने वाली बेमौसम बारिश से किसानों के खेत में खड़ी और काट कर रखी गई फसलों को भारी नुकसान हुआ है । बारिश के साथ ओले भी गिरे । अपनी उपज को इस तरह से खराब होते देख किसान घबरा गए हैं । तीन दिन से बारिश से फसलों को 60 फीसदी से अधिक नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है । इसके और आगे बढ़ने की संभावना है । हवा, बारिश और ओलावृष्टि से आड़ी हुई फसलों से नुकसान का सही अनुमान अभी लगाना मुश्किल है । तेज आधी और बारिश से किसानों की खून पसीने की मेहनत पर पानी फिर रहा है ।
स्वर्णनगरी में रविवार को भी दिन भर बादलों की आवाजाही रही । रामगढ़, पोकरण व बसिया क्षेत्र में बारिश से काफी नुकसान हुआ है । वहीं बसिया क्षेत्र के झिनझिनयाली, बईया,कुंडा, तेजमालता, रणधा, मोढ़ा, देवड़ा, चेलक आदि गांवों में शनिवार को बारिश के साथ गिरे ओलों से फसल को ज्यादा नुकसान होना बताया जा रहा है । पोकरण व भीखोड़ाई में भी बारिश से किसानों को नुकसान होने से मायूसी है । बेमौसम बारिश के कारण उगी चने, रायड़े, ईशब, जीरे की फसलों को खासा नुकसान होने का अनुमान है । किसानों का कहना है कि इस बारिश के कारण फसलों को नुकसान होगा । किसान जल्द से जल्द सर्वे करने की मांग कर रहे हैं। जिससे उनके नुकसान की पूर्ति हो सके।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इन दिनों शुरूआती गर्मी में फसलें तेजी से पकती है, लेकिन बारिश ने अधपकी फसलों को अधिक नुकसान पहुंचाया है । कई जगह फसलों की कटाई तेजी से शुरू हो गई थी । खेतों में कटी रखी फसलें भी भीग गई हैं, जिनको अधिक नुकसान होने की आशंका बताई जा रही है । बेमौसम बारिश ने जहां खेतों में पड़ी गेंहूं की फसल का आड़ा कर दिया है वहीं चने के खेतों में भी बारिश का पानी भर जाने से उसमें गलाव लगने आशंका व्यक्त की जा रही है । चने की फसल भी कई खेतों में कटी पड़ी हुई है, कई जगह कटने की कगार पर है । इसी तरह ईशबगोल, जीरा और सरसों का सबसे बुरा हाल है ।
प्रशासन नहीं मान रहा नुकसान
ओलावृष्टि एवं बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर मायूसी है । किसानों का कहना है कि ओला एवं बारिश से फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है । उधर प्रशासन का मानना है कि दस प्रशित से अधिक नुकसान नहीं हुआ है । यानि किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाएगा । इस स्थिति में किसान परेशान है । फसल खराब होने से किसानों की लागत निकलना भी मुश्किल है । किसानों पर संकट के बादल अभी छाए हुए हैं ।
विधायक ने लिया नुकसान का जायजा
जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने बारिश एवं ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया । ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बारिश एवं ओलावृष्टि से फसल पूरी तरह खराब हो चुकी है । ग्रामीणों ने विधायक से फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की । विधायक ने भी किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया ।

No comments:
Post a Comment