Wednesday, 22 April 2015

गजेंद्र की खुदकुशी से हिला पूरा देश, उधर घर में बज रही थी शहनाई

दौसा। जिले के बांदीकुई बिवाई के पास नांगलझापरवाड़ा गांव के किसान ने दिल्ली में जंतर-मंतर में चल रही आप पार्टी की किसान रैली में पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे दिल्ली के राममनोहरलोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पेड़ पर फंदा लगाते वक्त उसने हस्तलिखित एक पर्ची नीचे गिरा दी, जिसमें उसने फसल में खराबा होने से खुद को आहत होना बताया है। इधर सूचना के बाद घर में मृतक की भतीजी की शादी होने को लेकर प्रशासन व मीडियाकर्मियों को गांव के बाहर ही रोक दिया गया।

घर में शहनाई बज रही थी, महिलाएं मंगलगीत गा रही थी। बारात स्वागत की तैयारियों में सब लगे हुए थे। उन्हें शाम तक सूचना नहीं दी गई कि उनके घर का गजेन्द्रसिंह अब इस दुनिया में नहीं रहा। ग्रामीणों के अनुसार सूचना मिलने के तुरंत बाद मृतक के चाचा सरपंच गोपाल सिंह नांगल, छोटा भाई श्याम सिंह व अन्य परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। ग्रामीणों के अनुसार गजेन्द्रसिंह (42) करीबन आठ दस दिन से दिल्ली में ही था। उसके गांव में ही 9 बीघा कृषि भूमि है। इसमें इस बार ओलावृष्टि से करीबन 40 फीसदी फसल खराब हो गई थी। वह बेरोजगार भी था। उसके दो पुत्र व एक पुत्री है। तीन संतानें अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बड़ी बेटी 12वीं कक्षा में पढ़ रही है। 

No comments:

Post a Comment